Samachar Post रिपोर्टर, हजारीबाग: हजारीबाग पुलिस विभाग के अकाउंट सेक्शन में करोड़ों रुपये के गबन मामले में कार्रवाई तेज हो गई है। मामले में मास्टरमाइंड सिपाही शंभू कुमार, धीरेन्द्र कुमार सिंह और रजनीश कुमार सिंह उर्फ पंकज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जांच में अब तक ट्रेजरी से करीब 28 करोड़ रुपये की गड़बड़ी सामने आई है, जबकि पहले यह राशि 15.41 करोड़ रुपये बताई जा रही थी। जांच मंगलवार देर रात शुरू हुई थी, जो गुरुवार तक चली। इस दौरान शंभू और रजनीश की पत्नियों को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस तरह इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं।
फर्जी दस्तावेज बनाकर निकाले करोड़ों
जांच में खुलासा हुआ है कि तीनों सिपाहियों ने बाल सिपाही के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। इसके बाद परिवार के बैंक खातों को जोड़कर फर्जी बिल बनाए गए और इन्हीं बिलों के आधार पर ट्रेजरी से लगातार रकम ट्रांसफर की जाती रही। बताया जा रहा है कि शंभू कुमार वर्ष 2012 से इस गबन को अंजाम दे रहा था, जबकि 2019 में धीरेन्द्र और रजनीश भी इसमें शामिल हो गए।
यह भी पढ़ें: एरिक लकड़ा हत्याकांड को एक महीना, गिरफ्तारी नहीं; लोगों में आक्रोश
आलीशान मकान और संपत्तियों की जांच
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि शंभू कुमार ने अवैध कमाई से हजारीबाग के भवानी कॉलोनी में तीन मंजिला आलीशान मकान बनवाया है, जिसमें आठ फ्लैट हैं। यह संपत्ति पत्नी के नाम पर बताई जा रही है और इसकी कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है। पुलिस अब आरोपियों के परिजनों और ससुराल पक्ष के लोगों से भी पूछताछ की तैयारी कर रही है। साथ ही गहनों और अन्य संपत्तियों का मूल्यांकन किया जा रहा है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।