Samachar Post रिपोर्टर,हजारीबाग :गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने नई डिजिटल पहल शुरू की है। अब ‘नीर वीर’ के जरिए लोगों की पानी से जुड़ी समस्याओं का समाधान तेजी से किया जाएगा। यह सुविधा उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की पहल पर शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य आम लोगों को त्वरित राहत देना है। जिला प्रशासन के अनुसार, नागरिक अब व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी पेयजल समस्या दर्ज कर सकते हैं। शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर चापाकल या अन्य समस्या को ठीक करेगी। इस पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग खुद उपायुक्त द्वारा की जाएगी।
यह भी पढ़ें :झारखंड में 26 साल का ट्रेजरी घोटाला, 33 ट्रेजरी की होगी जांच: वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर
‘नीर वीर’ चैटबॉट से आसान प्रक्रिया
‘नीर वीर’ एक व्हाट्सएप चैटबॉट आधारित सिस्टम है, जिसके जरिए लोग खराब या निष्क्रिय चापाकल से जुड़ी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इस प्लेटफॉर्म पर शिकायत की स्थिति की जानकारी और पुराने शिकायतों का रिकॉर्ड भी देखा जा सकता है, जिससे यह सिस्टम पूरी तरह पारदर्शी और यूजर-फ्रेंडली बनता है।
इन नंबरों पर कर सकते हैं संपर्क
शिकायत दर्ज करने के लिए नागरिक व्हाट्सएप नंबर 8757864361 पर मैसेज भेज सकते हैं। शिकायत करते समय प्रखंड का नाम, फोटो और अन्य जरूरी जानकारी साझा करनी होगी। इसके अलावा, 8076635024 नंबर पर कॉल कर भी समस्या दर्ज कराई जा सकती है।
गर्मी में राहत देने की पहल
जिला प्रशासन का मानना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से पेयजल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा और लोगों को गर्मी में राहत मिलेगी। प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करें और जल व्यवस्था को बेहतर बनाने में सहयोग करें।
Reporter | Samachar Post