Samachar Post रिपोर्टर,गुमला :झारखंड के गुमला जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में दो युवतियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी अब भी फरार है।
दोस्ती के बहाने बुलाकर बनाया शिकार
जानकारी के मुताबिक, पीड़िताओं में से एक की आरोपी से पहले से जान-पहचान थी। उसी ने उसे घूमने के बहाने गुमला बुलाया। युवती अपनी सहेली के साथ वहां पहुंची। आरोपी भी अपने एक साथी के साथ आया और दोनों युवकों ने युवतियों को बाइक से सिसई इलाके की ओर घुमाने ले गए। शाम होते ही आरोपियों ने सिसई में बीयर खरीदी और फिर युवतियों को जबरन एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां दोनों के साथ दुष्कर्म किया गया।
एक पीड़िता ने दिखाई हिम्मत, देर रात पहुंचीं थाने
घटना के दौरान एक युवती किसी तरह वहां से भागने में सफल रही। उसने पास में छुपकर अपने परिजनों को मोबाइल से लोकेशन भेजकर सूचना दी। वहीं दूसरी युवती आरोपियों के कब्जे में रही। बाद में एक और युवक को बुलाया गया और तीनों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किसी तरह दोनों युवतियां अपनी जान बचाकर रविवार देर रात थाने पहुंचीं और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जो अलग-अलग गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं। तीसरे आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
Reporter | Samachar Post