Samachar Post रिपोर्टर,गुमला :गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है। बरवे नगर निवासी गुलशन खातून ने अपने पति सहित ससुराल पक्ष के सात लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी 23 फरवरी 2025 को आजाद बस्ती निवासी गुलाम मुस्लिम खान के साथ हुई थी। शादी में मायके पक्ष की ओर से लगभग 3 लाख रुपये नकद, डेढ़ लाख रुपये के जेवरात और अन्य घरेलू सामान दिए गए थे।
यह भी पढ़ें :कोलेबिरा-मनोहरपुर सड़क निर्माण में सुस्ती पर भड़के ग्रामीण, सिमडेगा में जाम
अतिरिक्त दहेज की मांग
शादी के लगभग तीन महीने बाद ही ससुराल पक्ष द्वारा अतिरिक्त 5 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी गई। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर महिला के साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाने लगी। पीड़िता का कहना है कि उसका पति अक्सर शराब के नशे में मारपीट करता था और तलाक देने की धमकी देता था। 6 अगस्त 2025 को उसे गंभीर रूप से मारपीट कर घर से निकाल दिया गया, जिसके बाद वह मायके लौट गई। महिला ने कई बार समझौते की कोशिश की, लेकिन ससुराल पक्ष ने उसे वापस रखने से इनकार कर दिया। जनवरी 2026 में भी उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया गया।
पुलिस जांच शुरू
इस मामले में पति गुलाम मुस्लिम खान, सास अमीना बीबी, ससुर वकील खान समेत कुल सात लोगों को आरोपी बनाया गया है। जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर अरविंद कुमार को सौंपी गई है। पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post