Samachar Post रिपोर्टर,गिरिडीह :करीब तीन साल के लंबे अंतराल के बाद गिरिडीह नगर निगम की महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक नए निगम भवन के सभा कक्ष में सुबह 11 बजे शुरू हुई, जिसमें मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, महापौर पर्मिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार समेत सभी 36 वार्डों के पार्षद शामिल हुए।
यह भी पढ़ें :देवघर में साइबर ठगों पर बड़ी कार्रवाई, 11 आरोपी गिरफ्तार
9 अहम एजेंडों पर विस्तृत चर्चा
बैठक में कुल 9 महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें पहले से पारित योजनाओं के टेंडर, वार्डवार नई योजनाओं का चयन और बरसात से पहले बड़े एवं छोटे नालों पर कैचपिट निर्माण शामिल रहा। इसके अलावा गर्मी को देखते हुए शुद्ध जलापूर्ति के लिए WTP में जरूरी उपकरणों की खरीद और प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
शहर के विकास पर फोकस
बैठक में मुख्य मार्गों के सौंदर्यीकरण, यूनिपोल के जरिए राजस्व संग्रहण और ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए चौक-चौराहों पर सिग्नल लाइट लगाने जैसे प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। महापौर पर्मिला मेहरा ने बैठक के बाद कहा कि जनता ने जनप्रतिनिधियों को विकास के लिए चुना है और अब योजनाओं को धरातल पर लागू करने का समय आ गया है।
मंत्री ने दिया विकास का भरोसा
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने भरोसा दिलाया कि बैठक में लिए गए सभी निर्णयों पर जल्द काम शुरू होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में शहर में विकास कार्य तेजी से नजर आएंगे और नागरिक सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा।
Reporter | Samachar Post