Samachar Post रिपोर्टर, गिरिडीह: गिरिडीह जिले में एक महिला का अधजला शव मिलने से सनसनी फैल गई। मामला लोकायनयनपुर थाना क्षेत्र के लेढ़वा पहाड़ी जंगल का है, जहां सड़क किनारे महिला की लाश पड़ी मिली। राहगीरों की नजर शव पर पड़ते ही पुलिस को सूचना दी गई।
पहचान अब तक नहीं हो सकी
शव बुरी तरह जला हुआ होने के कारण महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस और स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। आशंका जताई जा रही है कि पहचान छुपाने के उद्देश्य से शव को जलाया गया है।
यह भी पढ़ें: साहिबगंज में रेलवे ट्रैक किनारे अर्धनग्न शव बरामद, हत्या की आशंका
फॉरेंसिक और डॉग स्क्वॉड से जांच
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम के साथ डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू की गई है। प्रारंभिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि महिला की कहीं और हत्या की गई और बाद में शव को जलाकर लेढ़वा जंगल में फेंक दिया गया।
गुमशुदगी के मामलों से किया जा रहा मिलान
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों से शव का मिलान कर रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। जंगल में अज्ञात महिला का अधजला शव मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने कहा है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।