Samachar Post डेस्क,बिहार :बिहार के गया में अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर हमला हो गया। सिंधुगढ़ थाना क्षेत्र के कर्मा रोड पर हुई इस घटना में उग्र भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कर्मा रोड से अवैध बालू लदे ट्रैक्टर गुजर रहे हैं। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने एक ट्रैक्टर को रोका। इसी दौरान चालक ने ट्रैक्टर से बालू सड़क पर ही खाली कर दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों और कथित माफिया से जुड़े लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया और विरोध शुरू कर दिया। भीड़ का तर्क था कि ट्रैक्टर खाली हो चुका है, इसलिए जब्ती क्यों की जा रही है। मामूली बहस कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई और चारों ओर से पुलिस पर ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे।
यह भी पढ़ें :बिहार में पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी से कुचलकर 4 साल की बच्ची की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त
अचानक हुए पथराव में एक पुलिस वाहन का शीशा टूट गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद उपद्रवी मौके से भाग गए और हालात धीरे-धीरे काबू में आए।घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और गश्त बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने साफ किया है कि खाकी पर हमला करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
दो हिरासत में, पहचान जारी
थाना अध्यक्ष निलेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
Reporter | Samachar Post