Samachar Post रिपोर्टर, गढ़वा : जिले में कथित देह व्यापार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के तीन होटलों को सील कर दिया। एसडीएम संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अनैतिक गतिविधियों के ठोस प्रमाण मिलने के बाद तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की। इस ऑपरेशन के बाद शहर के होटल कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
तीन होटलों पर कार्रवाई
छापेमारी के दौरान जिन होटलों को सील किया गया, उनमें होटल आरडीएस (पूनम कांस्य कार), तिवारी रेस्ट हाउस होटल एसएलसी शामिल हैं। प्रशासन ने मौके पर ही तीनों प्रतिष्ठानों को बंद कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि इन होटलों में लंबे समय से अनैतिक गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी। गुप्त सूचना की पुष्टि के बाद छापेमारी की गई, जिसमें करीब 14 नाबालिग लड़के-लड़कियां संदिग्ध स्थिति में पाए गए। सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने उनके परिजनों से संपर्क करना भी शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें: इंस्टाग्राम से दोस्ती बनी मौत की वजह, रांची में नाबालिग की हत्या का खुलासा
तीन मैनेजर गिरफ्तार, मालिकों पर भी कार्रवाई की तैयारी
कार्रवाई के दौरान तीनों होटलों के मैनेजरों को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रशासन ने कहा कि अब होटल मालिकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि इससे पहले भी करीब एक वर्ष पहले जयश्री होटल में छापेमारी कर देह व्यापार का खुलासा किया गया था, जिसमें होटल मालिक को जेल जाना पड़ा था। इस बार भी प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
होटल संचालकों में बढ़ी सतर्कता
इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य होटल और लॉज संचालकों में डर का माहौल है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनैतिक गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति या संस्थान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।