Samachar Post रिपोर्टर, देवघर : देवघर सदर अस्पताल को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अस्पताल में डिजिटल 500 एमए एक्स-रे मशीन और हाई-एंड कलर डॉपलर अल्ट्रासाउंड मशीन की शुरुआत की गई। इन अत्याधुनिक मशीनों का उद्घाटन नमन प्रियेश लकड़ा ने किया। यह सुविधा CSR के तहत उपलब्ध कराई गई है।
अब जटिल जांच के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं
नई मशीनों के लगने से पेट, हृदय और नसों से जुड़ी जटिल जांच अब सदर अस्पताल में ही हो सकेगी। पहले मरीजों को ऐसी जांच के लिए निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ता था, जहां ज्यादा खर्च करना पड़ता था। अब वही सेवाएं सरकारी दर पर उपलब्ध होंगी।
यह भी पढ़ें:बोकारो ट्रेजरी घोटाला: 3 करोड़ से शुरू हुआ खेल, जांच में 6 करोड़ पार के संकेत
सस्ता और बेहतर इलाज का दावा
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि लोगों को अपने जिले में ही बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सुविधा मिले। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मशीनों के नियमित संचालन और रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही भविष्य में और सुविधाएं बढ़ाने की भी बात कही।
संथाल परगना के मरीजों को मिलेगा लाभ
नई सुविधा से सिर्फ देवघर ही नहीं, बल्कि पाकुड़, साहिबगंज, गोड्डा, दुमका और जामताड़ा जैसे जिलों के मरीजों को भी फायदा मिलेगा। बड़ी संख्या में मरीज इन क्षेत्रों से देवघर सदर अस्पताल पहुंचते हैं, ऐसे में यह सुविधा पूरे संथाल परगना के लिए राहत साबित होगी।
सरकारी अस्पतालों पर बढ़ेगा भरोसा
आधुनिक उपकरणों के जुड़ने से मरीजों को कम खर्च में बेहतर जांच और इलाज मिल सकेगा। इससे सरकारी अस्पतालों पर लोगों का भरोसा बढ़ने की उम्मीद है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।