Samachar Post रिपोर्टर,चतरा :चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। शुक्रवार रात मूर्त स्टेडियम के पास तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी, जिसमें 18 वर्षीय चंदन कुमार राणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी बहन नेहा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि चंदन अपनी बहन के साथ बाजार जा रहा था, जहां नेहा अपनी शादी (1 मई) के लिए निमंत्रण कार्ड छपवाने वाली थी। लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
यह भी पढ़ें :चतरा में दर्दनाक हादसा: बारातियों से भरी गाड़ी पलटी, चालक की मौत
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
परिजनों के मुताबिक, चंदन परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। कुछ साल पहले ही उसके पिता की भी मौत हो चुकी थी। अब इस हादसे के बाद परिवार आर्थिक और भावनात्मक संकट से गुजर रहा है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और समाजसेवी तबरेज अंसारी की मदद से नेहा कुमारी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
ग्रामीणों का आक्रोश, सड़क जाम
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। लोगों ने मृतक के परिवार और घायल युवती के इलाज के लिए 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है।
Reporter | Samachar Post