Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो : झारखंड के बोकारो में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कुख्यात गिरोहों के सात अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी अपराधी कारोबारी, ठेकेदार और जमीन कारोबारियों से रंगदारी वसूलने के नेटवर्क से जुड़े हुए थे। इस कार्रवाई की जानकारी एसपी हरविंदर सिंह ने दी।
ये अपराधी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने जिन सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें शामिल हैं प्रिंस कुमार गुप्ता उर्फ भाटिया (मुख्य साजिशकर्ता), श्याम कुमार सिंह, अजय सिंह, ओमप्रकाश पाल, जैनेंद्र शुक्ला, गोलू कुमार, भूपेंद्र सिंह बताया गया कि ये सभी कुख्यात अपराधी राहुल दुबे और प्रिंस खान गिरोह के लिए काम करते थे।
यह भी पढ़ें: झारखंड के 11 जिलों में दो दिन बाद बारिश और तेज हवा के आसार, यलो अलर्ट जारी
रंगदारी नेटवर्क का ऐसे करते थे संचालन
एसपी के अनुसार, ये अपराधी व्यवसायियों, ठेकेदारों और जमीन कारोबारियों के मोबाइल नंबर जुटाकर गिरोह के सरगना तक पहुंचाते थे। इसके बाद गिरोह की ओर से धमकी भरे कॉल और मैसेज कर रंगदारी मांगी जाती थी। पुलिस ने इनके पास से कई मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य आपत्तिजनक सामान भी जब्त किया है।
हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी प्रिंस कुमार गुप्ता की निशानदेही पर जब टीम हथियार बरामद करने पहुंची, तो अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें प्रिंस गुप्ता के पैर में गोली लगी। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
SIT गठन के बाद मिली बड़ी सफलता
हाल के दिनों में बोकारो में अपराधियों द्वारा अमन साहू गैंग और अन्य गिरोहों के नाम पर व्यवसायियों से रंगदारी मांगी जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी (SIT) का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे नेटवर्क का खुलासा किया और सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की सख्ती से अपराधियों में हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद इलाके में सक्रिय अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।