Samachar Post रिपोर्टर, बोकारो :झारखंड के बोकारो जिले में जनगणना 2027 के पहले चरण को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। बुधवार को डीपीआरसी भवन में मकान सूचीकरण और गणना कार्य से जुड़े फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान डीसी अजय नाथ झा ने साफ कहा कि जनगणना का काम बेहद संवेदनशील है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या गलती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह भी पढ़ें :JPSC पेपर विवाद पर बाबूलाल मरांडी का हमला, बोले- सीटों का सौदा, परीक्षा सिर्फ औपचारिकता
ऑनलाइन एप से होगा पूरा काम
डीसी ने जानकारी दी कि इस बार जनगणना पूरी तरह ऑनलाइन एप के माध्यम से की जाएगी। डेटा एंट्री करते ही जानकारी सीधे पोर्टल पर अपडेट हो जाएगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी। हालांकि, इसके साथ ही गलतियों की गुंजाइश भी खत्म हो जाएगी, इसलिए हर जानकारी को बेहद सावधानी से दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
कर्मियों को सख्त निर्देश
अजय नाथ झा ने फील्ड ट्रेनरों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी कर्मी पूरी निष्ठा और एकाग्रता के साथ काम करें, ताकि जनगणना का कार्य समय पर पूरा हो सके।
प्रशिक्षण में दी गई विस्तृत जानकारी
प्रशिक्षण सत्र के दौरान ट्रेनरों को मकान सूचीकरण, डेटा एंट्री, मोबाइल एप के उपयोग और अन्य तकनीकी पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, जमीनी स्तर पर काम करते समय जरूरी सावधानियों के बारे में भी बताया गया। इस कार्यक्रम में जिला योजना पदाधिकारी राज शर्मा, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी अशोक खलको, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार और सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post