Samachar Post रिपोर्टर,रामगढ़ :झारखंड के रामगढ़ जिले के भुरकुंडा क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य सनी सिंह को पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लग गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए सीसीएल अस्पताल भुरकुंडा में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें :गुमला गैंगरेप केस: घूमने के बहाने बुलाकर दो युवतियों से दरिंदगी, 2 आरोपी गिरफ्तार
पहले से चल रही थी गिरोह के खिलाफ कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, राहुल दुबे गैंग पर नकेल कसने के लिए पहले ही एसआईटी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) का गठन किया गया था। टीम लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि गिरोह का सदस्य सनी सिंह भुरकुंडा इलाके में मौजूद है और किसी बड़ी वारदात की फिराक में है।
दुमुहाना मंदिर के पास पुलिस ने घेरा
सूचना के आधार पर एसआईटी ने भुरकुंडा और पतरातू क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान दुमुहाना मंदिर के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखा। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे घेरने की कोशिश की। पुलिस गाड़ी देखते ही आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली पतरातू थाना प्रभारी की गाड़ी पर लगी, लेकिन वे सुरक्षित बच गए। पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी सनी सिंह के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने दो देसी पिस्तौल, एक मोबाइल फोन और एक लेदर बैग बरामद किया है। घटना के बाद भुरकुंडा और पतरातू क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। एसपी अजय कुमार ने बताया कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Reporter | Samachar Post