Samachar Post रिपोर्टर, साहिबगंज: बेंगलुरु पुलिस ने IPL 2026 के उद्घाटन मैच के दौरान मोबाइल चोरी करने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में 7 नाबालिगों और एक वयस्क हैंडलर को पकड़ा गया है। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ इलाके से संचालित हो रहा था।
भीड़भाड़ में चोरी के लिए तैयार किए जाते थे बच्चे
पुलिस के मुताबिक, यह गैंग बेहद संगठित तरीके से काम करता था। नाबालिग बच्चों को भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल चोरी के लिए भेजा जाता था। इसके बदले उन्हें करीब 5,000 रुपये दिए जाते थे और उनके आने-जाने, रहने और खाने का पूरा खर्च गिरोह उठाता था। साथ ही उन्हें कम से कम 5 मोबाइल चोरी करने का टारगेट दिया जाता था।
यह भी पढ़ें: बोकारो पुलिस का संगठित अपराध पर बड़ा एक्शन, राहुल दुबे और प्रिंस खान गिरोह के 7 अपराधी गिरफ्तार
IPL मैच बना आसान निशाना
28 मार्च को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित IPL मैच के दौरान इस गैंग ने 29 मोबाइल फोन चोरी किए, जिनमें 14 आईफोन शामिल थे। पुलिस के अनुसार, गैंग स्टेडियम के अंदर ही नहीं, बल्कि बाहर, मेट्रो स्टेशन और आसपास के भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी सक्रिय था।
‘मुखिया’ करता था पूरे नेटवर्क का संचालन
इस पूरे ऑपरेशन का संचालन 26 वर्षीय शुभम कुमार उर्फ ‘मुखिया’ कर रहा था, जो साहिबगंज का ही रहने वाला है। वही नाबालिगों को बेंगलुरु लेकर आया और पूरे नेटवर्क को कंट्रोल कर रहा था। बच्चों को अलग-अलग रास्तों से लाया गया कुछ को पटना से फ्लाइट के जरिए, तो कुछ को ट्रेन और सड़क मार्ग से। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि ‘साहिबगंज गैंग’ 2012 से देश के विभिन्न शहरों में सक्रिय है और बड़े आयोजनों व भीड़भाड़ वाले इवेंट्स को निशाना बनाता रहा है। पुलिस को शक है कि यह गिरोह IPL 2025 में भी सक्रिय था, जब बेंगलुरु और चेन्नई में कुल 74 मोबाइल फोन चोरी हुए थे।
साइबर क्राइम में हो सकता है इस्तेमाल
पुलिस ने आशंका जताई है कि चोरी किए गए मोबाइल फोन का इस्तेमाल आगे साइबर अपराध में भी किया जा सकता है। इस कारण मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है। बेंगलुरु पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है और अन्य राज्यों से इसके कनेक्शन तलाशे जा रहे हैं। इसके तहत चेन्नई में हुई घटनाओं से लिंक जोड़ने के लिए एक विशेष टीम भी भेजी गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।