- नियुक्ति पर खुद ही अनजान दिखे मोकामा विधायक, बयान से सियासी हलचल तेज
Samachar Post रिपोर्टर, पटना: बिहार की राजनीति में एक बार फिर अनंत सिंह सुर्खियों में हैं। जेल से रिहाई के बाद उन्हें बिहार विधानसभा की पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण समिति का सदस्य बनाया गया है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि खुद अनंत सिंह ही अपनी नई जिम्मेदारी से अनजान नजर आए। अपने देहाती अंदाज में उन्होंने कहा, “ई सब हम कुछ जानबे नहीं करते हैं… हम क्या बने हैं, क्या नहीं बने हैं, हमको कुछो पता नहीं है।” उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है।
19 समितियों के गठन में शामिल नाम
दरअसल, बिहार विधानसभा में वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 19 समितियों का गठन किया गया है, जिसमें अनंत सिंह को पर्यावरण समिति में शामिल किया गया है। लेकिन उनकी इस नियुक्ति पर बेपरवाही ने सियासी गलियारों में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि चुनाव के दौरान अनंत सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि अब वे चुनाव नहीं लड़ेंगे और आगे उनके परिवार के सदस्य चुनाव लड़ेंगे।
यह भी पढ़ें: नीतीश कुमार की Z+ सुरक्षा पर सियासत तेज, तेजस्वी यादव का तंज “असम्मानजनक विदाई”
महादंगल को लेकर उत्साहित
इधर, अपने गांव नदवां में आयोजित होने वाले महादंगल को लेकर वे काफी उत्साहित हैं। उनका दावा है कि इस आयोजन में देश-विदेश के 100 से ज्यादा पहलवान हिस्सा लेंगे और लाखों की भीड़ उमड़ेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में मदद मिलती है।
वीडियो वायरल, सियासत में चर्चा तेज
अनंत सिंह का यह बयान और अंदाज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे बिहार की राजनीति में एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।