Samachar Post रिपोर्टर, रांची :झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में 12 साल की बच्ची की निर्मम हत्या के मामले में बड़ा खुलासा सामने आने के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है। जांच में सामने आया है कि इस जघन्य वारदात की साजिश में बच्ची की मां और उसका प्रेमी भीम राम शामिल थे। पुलिस के अनुसार, हत्या के दौरान भीम राम ने बच्ची का गला दबाया, जबकि उसकी मां ने उसे पकड़कर रखा। यह दिल दहला देने वाली घटना 24 मार्च को हुई थी। शुरुआती जांच में मामला अलग दिशा में था, लेकिन गहन पड़ताल के बाद सच्चाई सामने आई।
यह भी पढ़ें :मालदा में 7 न्यायिक अधिकारी 9 घंटे तक बंधक, सुप्रीम कोर्ट सख्त- CBI/NIA जांच की मांग
आरोपी का राजनीतिक कनेक्शन
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी भीम राम का संबंध भारतीय जनता पार्टी (BJP) से रहा है। वह पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से हिस्सा लेता था और कथित तौर पर कई नेताओं के साथ उसकी तस्वीरें भी सामने आई हैं। हैरानी की बात यह है कि घटना के बाद आरोपी खुद मीडिया के सामने आकर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहा था।
JMM का बीजेपी पर हमला
मामले के इस खुलासे के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने बयान जारी कर कहा कि “नवरात्रि के दौरान एक बेटी की वीभत्स हत्या ने मानवता को शर्मसार कर दिया है” और बीजेपी की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए। JMM ने बीजेपी को “निर्दयी और असंवेदनशील” बताते हुए सोशल मीडिया पर भी लगातार निशाना साधा है।
सियासी आरोप-प्रत्यारोप तेज
गौरतलब है कि इस खुलासे से पहले बीजेपी राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर हमलावर थी। लेकिन आरोपी के राजनीतिक जुड़ाव सामने आने के बाद अब राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।
Reporter | Samachar Post