Samachar Post रिपोर्टर,रांची :सीपी राधाकृष्णन के 28 मार्च को प्रस्तावित झारखंड दौरे को लेकर राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उनके रांची और खूंटी दौरे के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य पुलिस सेवा के कुल 22 डीएसपी स्तर के अधिकारियों की तैनाती की गई है। यह प्रतिनियुक्ति रांची प्रक्षेत्र के एडीजी के अनुरोध पर की गई है।
यह भी पढ़ें :पिठोरिया ग्रिड लूटकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: आधा दर्जन आरोपी गिरफ्तार, नकद और तांबा बरामद
रांची और खूंटी में विशेष सुरक्षा व्यवस्था
रांची जिले में उपराष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए 10 डीएसपी स्तर के अधिकारियों को विशेष ड्यूटी पर लगाया गया है। ये सभी अधिकारी 26 मार्च की दोपहर से कार्यक्रम समाप्ति तक सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। इन अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल, वीआईपी मूवमेंट, ट्रैफिक कंट्रोल और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है। खूंटी जिले में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। यहां 12 डीएसपी स्तर के अधिकारियों को 25 मार्च से ही तैनात कर दिया गया है। सभी को कार्यक्रम समाप्ति तक ड्यूटी पर बने रहने का निर्देश दिया गया है।
अधिकारियों को सख्त निर्देश
पुलिस मुख्यालय की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी तय तिथि पर संबंधित जिले के एसएसपी या एसपी को रिपोर्ट करेंगे। यदि कोई अधिकारी अवकाश पर है, तो उसके स्थान पर वैकल्पिक अधिकारी की तैनाती सुनिश्चित करना संबंधित विभाग की जिम्मेदारी होगी।
रूट और कार्यक्रम स्थल पर कड़ी नजर
उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर रांची और खूंटी दोनों जिलों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल, रूट सुरक्षा, ट्रैफिक मैनेजमेंट और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि दौरे के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।
Reporter | Samachar Post