- घसीटने के निशान से हत्या की आशंका, इलाके में दहशत; पुलिस जांच में जुटी
Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़: रामगढ़ शहर के शांत माने जाने वाले इलाके में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बाजार समिति स्थित रामप्रसाद चंद्रभान स्कूल (सरस्वती विद्या मंदिर) के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सुबह वॉक पर निकले लोगों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, खबर तेजी से फैल गई। देखते ही देखते मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में सनसनी फैल गई।
घसीटने के निशान से बढ़ा शक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल के आसपास जमीन पर घसीटने के स्पष्ट निशान मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और कर शव को यहां लाकर फेंका गया हो सकता है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्कूल के पास शव मिलने से अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
यह भी पढ़ें: पतरातू में देर रात फायरिंग: रेल ओवरब्रिज साइट पर गार्ड को गोली मारकर फरार हुए बदमाश
पुलिस की जानकारी पर उठे सवाल
थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि उन्हें घटना की शुरुआती जानकारी नहीं थी। इस पर लोगों में नाराजगी और सवाल दोनों बढ़ गए हैं कि इतनी बड़ी घटना की सूचना देर से क्यों मिली। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हत्या का मामला है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है। पुलिस के मौके पर पहुंचने और जांच शुरू होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।