Samachar Post रिपोर्टर,रांची :राजधानी रांची में 11 से 13 मार्च तक राष्ट्रीय स्तर की शतरंज प्रतियोगिता आयोजित होने जा रही है। सरला बिरला महाविद्यालय परिसर में नेशनल रैपिड एवं नेशनल ब्लिट्ज चेस चैंपियनशिप 2025-26 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर अखिल झारखंड शतरंज संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
यह भी पढ़ें :ग्रीस में होने वाली इंटरनेशनल वुशु टूर्नामेंट के लिए झारखंड के शौर्य सिंह का चयन
देशभर से आएंगे 450 खिलाड़ी
संघ की अध्यक्ष ऋचा संचिता और महासचिव नवजोत अलंग ने बताया कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 450 शीर्ष रैंकिंग वाले खिलाड़ी भाग लेंगे। इनमें 12 ग्रैंडमास्टर, 2 डब्ल्यूजीएम, 24 इंटरनेशनल मास्टर, 1 डब्ल्यूआईएम, 5 एफएम, 1 डब्ल्यूएफएम और 6 सीएम रैंकधारी खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रतियोगिता का आयोजन FIDE के नियमों के अनुसार किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में कुल 6.5 लाख रुपये की आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। आयोजकों के अनुसार रैपिड कैटेगरी में 25 खिलाड़ियों को कुल 4 लाख रुपये और ब्लिट्ज कैटेगरी में 15 खिलाड़ियों को कुल 2.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
तैयारियों को लेकर हुई बैठक
बैठक में आयोजन समिति के सदस्यों ने खिलाड़ियों के आवास, तकनीकी व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान संघ के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार वर्मा के दिशा-निर्देश में सभी पदाधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में कन्वेनर मनीष कुमार, उपाध्यक्ष राजीव चटर्जी, कुणाल अजमानी, मिथिलेश पांडे, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार, को-कन्वेनर आशीष साहू, इवेंट मैनेजर मृदुल कुमार सहित आयोजन समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post