Samachar Post रिपोर्टर,सिमडेगा :जलडेगा थाना क्षेत्र के टिकरा जंगल में मिले अधजले शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह हत्या आपसी विवाद और बदले की भावना में की गई थी। पुलिस के अनुसार, 11 मार्च को टिकरा जंगल से एक अधजला शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया। रिपोर्ट मिलने के बाद जांच में तेजी लाई गई और एक विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि मृतक ओडिशा निवासी शिवा साहू था। पहचान होने के बाद पुलिस ने मामले की कड़ियों को जोड़ना शुरू किया, जिससे पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।
यह भी पढ़ें :खेतको हादसे के बाद हरकत में प्रशासन, डीसी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
छेड़छाड़ के विवाद में की गई हत्या
पुलिस जांच में सामने आया कि शिवा साहू ने अपने पड़ोसी किशोर केरकेट्टा की पत्नी के साथ छेड़छाड़ की थी। इसी बात से नाराज होकर किशोर ने अपने साथियों के साथ मिलकर साजिश रची। आरोपियों ने शिवा को टिकरा जंगल ले जाकर रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत छिपाने के उद्देश्य से शव को आग के हवाले कर दिया। हालांकि फोरेंसिक जांच और पुलिस की पड़ताल से पूरा मामला सामने आ गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी किशोर केरकेट्टा समेत उसके दो सहयोगियों संजय केरकेट्टा और बुद्धू लोहारा को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
Reporter | Samachar Post