Samachar Post रिपोर्टर, सिमडेगा : झारखंड के सिमडेगा में घरेलू LPG गैस की आपूर्ति व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। शनिवार को उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में जिले के सभी गैस एजेंसी संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गैस की उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था और उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
जिले में 9 गैस एजेंसियां, रोजाना 300 सिलेंडर की आपूर्ति
बैठक के दौरान एजेंसी संचालकों ने बताया कि जिले में कुल 9 गैस एजेंसियां संचालित हैं। वर्तमान में कंपनियों द्वारा प्रतिदिन एक वाहन के माध्यम से लगभग 300 से अधिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है। उपभोक्ताओं को बुकिंग के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जा रही है और बिना बुकिंग किसी को भी सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है। हालांकि एजेंसी संचालकों ने यह भी बताया कि पिछले 7 दिनों से 15 किलोग्राम वाले व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह बंद है।
यह भी पढ़ें: LPG की किल्लत से जामताड़ा सदर अस्पताल में खाने का संकट, चूल्हे बुझने की कगार पर
कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई
उपायुक्त कंचन सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया कि वर्तमान परिस्थिति में LPG की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई गैस एजेंसी कालाबाजारी करते हुए पकड़ी गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एजेंसी संचालकों को “पहले बुकिंग, पहले आपूर्ति” के सिद्धांत का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया।
ग्रामीण उपभोक्ताओं को बुकिंग में मदद
डीसी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग की प्रक्रिया की पूरी जानकारी नहीं होती। ऐसे में सभी प्रज्ञा केंद्रों को निर्देश दिया गया कि वे जरूरतमंद लोगों को गैस बुकिंग कराने में सहायता करें, ताकि ग्रामीण उपभोक्ताओं को भी आसानी से सुविधा मिल सके।
रोजाना देनी होगी रिपोर्ट
जिला प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को तिथिवार बुकिंग, गैस आपूर्ति और स्टॉक से जुड़ी दैनिक रिपोर्ट प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। जानकारी के अनुसार शहरी क्षेत्रों में 25 दिनों और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों के बाद ही दोबारा गैस बुकिंग की व्यवस्था लागू रहेगी।
उपभोक्ताओं के लिए हेल्पलाइन नंबर
गैस बुकिंग या संबंधित जानकारी के लिए उपभोक्ता इन टोल-फ्री नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
- भारत गैस: 1800-22-4344
- इंडेन गैस: 1800-2333-555
बैठक में अपर समाहर्ता ज्ञानेन्द्र, जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेश रजक, सभी गैस एजेंसी संचालक और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।