Samachar Post रिपोर्टर,सिमडेगा :ठगी के मामले में फरार चल रही आरोपी प्रीति कुमारी के खिलाफ सिमडेगा पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। न्यायालय के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी के घर पर इस्तेहार चस्पा कर उसे निर्धारित समय के भीतर अदालत में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। यह कार्रवाई थाना कांड संख्या 81/25 के तहत की गई, जिसमें प्रीति कुमारी को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रीति कुमारी, पिता राजकिशोर राय, रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र के बीटी रोड भुइयां टोली की निवासी है। वह ठगी के मामले में लंबे समय से फरार चल रही थी।
यह भी पढ़ें :LPG की किल्लत से जामताड़ा सदर अस्पताल में खाने का संकट, चूल्हे बुझने की कगार पर
संयुक्त पुलिस टीम की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
इस्तेहार चस्पा करने की इस कार्रवाई के दौरान सिमडेगा और रांची पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। इस टीम में सिमडेगा थाना के एएसआई अक्षयवर राम, कोतवाली थाना रांची के एसआई लाल बिहारी पांडे और एएसआई शांति कुमारी शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी के घर पर विधिवत प्रक्रिया के तहत इस्तेहार चिपकाया और कार्रवाई की निगरानी की।
हाजिर नहीं होने पर होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यदि आरोपी निर्धारित समय सीमा के भीतर न्यायालय में उपस्थित नहीं होती है, तो उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Reporter | Samachar Post