Samachar Post रिपोर्टर,रांची :झारखंड की राजधानी रांची में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्मृति को सहेजने के लिए एक अत्याधुनिक ‘स्टेट ऑफ आर्ट पार्क’ विकसित किया जाएगा। यह पार्क धुर्वा डैम के पास बनाया जाएगा, जहां उनकी एक भव्य प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।यह परियोजना स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की तर्ज पर विकसित की जाएगी। पार्क में शिबू सोरेन के जीवन, उनके संघर्ष और झारखंड आंदोलन से जुड़े अहम पहलुओं को आधुनिक तकनीक के जरिए प्रदर्शित किया जाएगा।
आंदोलन और संघर्ष की झलक
पार्क में महाजनी प्रथा के खिलाफ उनके आंदोलन से जुड़े दस्तावेज, तस्वीरें और ऐतिहासिक सामग्री प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही एक भव्य स्मृति हॉल बनाया जाएगा, जहां उनके जीवन और उपलब्धियों को विस्तार से दिखाया जाएगा। करीब चार एकड़ में बनने वाले इस पार्क को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। रिंग रोड से बेहतर कनेक्टिविटी के कारण यह स्थान पहले से ही लोकप्रिय है, जिससे भविष्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। इस परियोजना की जिम्मेदारी राज्य सरकार ने पर्यटन विभाग को सौंपी है।
यह भी पढ़ें :झारखंड में मौसम का कहर: वज्रपात से 3 महिलाओं की मौत, कई जिलों में अलर्ट जारी
सरकार की पहल, बनेगा ‘गुरुजी स्मृति संग्रहालय’
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण भी किया है। सरकार इस प्रोजेक्ट को झारखंड के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है। इसके अलावा, मोरहाबादी स्थित शिबू सोरेन के सरकारी आवास को ‘गुरुजी स्मृति संग्रहालय’ में बदला जाएगा। इसका उद्देश्य उनके योगदान को संरक्षित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
Reporter | Samachar Post