Samachar Post रिपोर्टर, रांची :सरायकेला जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित मांझी टोला में देर रात दो आपराधिक गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई खूनी झड़प में बदल गई। देखते ही देखते ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं और इलाके में अफरातफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार में बंद कुख्यात अपराधी कृष्णा गोप के कथित शूटर आशीष दीप को निशाना बनाकर विरोधी गुट ने करीब सात राउंड फायरिंग की। हालांकि आशीष दीप इस हमले में बाल-बाल बच गया, लेकिन उसका साथी राजवीर सिंह उर्फ लालू गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
बाइक से भागते वक्त लगी गोली
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना से पहले दोनों गुटों के बीच कहासुनी हुई थी, जो जल्द ही मारपीट और फिर फायरिंग में बदल गई। हमलावरों ने आशीष दीप को टारगेट कर गोलियां चलाईं। जब आशीष और उसका साथी राजवीर सिंह बाइक से वहां से निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी एक गोली राजवीर की कमर के निचले हिस्से में जा लगी। घायल हालत में उसे तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने देर रात ऑपरेशन कर गोली निकाली। उसकी हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें :रातू में फिर मिला शव, हाथी हमले की आशंका से दहशत
जेल विवाद से जुड़ा कनेक्शन
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हमले की जड़ें जेल में हुए पुराने विवाद से जुड़ी हैं। बताया जा रहा है कि जेल में बंद रहने के दौरान आशीष दीप और राजवीर सिंह का अपराधी संजय सरकार से विवाद हुआ था। आरोप है कि उसी रंजिश के चलते संजय सरकार के बेटे शुभम सरकार और उसके साथियों ने इस हमले की साजिश रची।
पुलिस अलर्ट, छापेमारी जारी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आशीष कुमार दीप 12 जून 2022 को मांझी टोला में जुआ खेलने के विवाद में हुई आकाश गोप की हत्या का मुख्य आरोपी है। उसने जुलाई 2022 में सरेंडर किया था और करीब एक साल पहले जेल से बाहर आया है। वहीं, राजवीर सिंह 2 मई 2021 को आदित्यपुर में हुए चर्चित बाबू गोप हत्याकांड में आरोपी रह चुका है। वह भी कुछ महीने पहले जमानत पर बाहर आया था। घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
Reporter | Samachar Post