Samachar Post रिपोर्टर, सरायकेला-खरसावां : जिले के चांडिल अनुमंडल से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चांडिल थाना क्षेत्र के घोड़ानेगी स्थित जगजीवन कॉलोनी में एक मां ने अपनी ही चार वर्षीय मासूम बेटी की हत्या कर शव को घर के आंगन में दफना दिया। इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
गला घोंटकर हत्या, फिर शव छिपाया
आरोप है कि लक्ष्मी कुमारी ने अपनी बेटी रिद्धि कुमारी लोहार की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर सबूत मिटाने के लिए घर के पीछे गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। इसके बाद उसने बच्ची के लापता होने का नाटक शुरू कर दिया। घटना के समय बच्ची का पिता काम पर गया हुआ था, जबकि नाना-नानी भी घर पर नहीं थे। शाम को लौटने पर बच्ची नहीं मिली तो परिजनों ने मां से पूछताछ की, लेकिन उसने अनजान बनने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और देर शाम तक तलाश जारी रही, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चला।
यह भी पढ़ें: कैमूर-रोहतास में विकास को रफ्तार, CM नीतीश कुमार देंगे 689 करोड़ की सौगात
पुलिस दबाव में खुला राज
पुलिस की सक्रियता बढ़ते देख आरोपी मां घबरा गई। आरोप है कि पुलिस के जाते ही उसने दफनाए गए शव को बाहर निकालकर आंगन में फेंक दिया और मौके से फरार हो गई। रात करीब 11:30 बजे जब परिजन लौटे तो आंगन में बच्ची का शव देखकर उनके होश उड़ गए।
आरोपी मां गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने आरोपी मां को पास के ईंट भट्ठे के पास पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि करीब 15 दिन पहले आरोपी मां ने बच्ची की हत्या की कोशिश की थी। तब परिजनों ने मामला संभाल लिया था और मां-बेटी को चांडिल डैम कॉलोनी लाया गया था।
हर पहलू से जांच जारी
पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। पूरे इलाके में इस हृदयविदारक घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।