Samachar Post रिपोर्टर,जमशेदपुर :जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि AI एक उपयोगी तकनीक है, लेकिन इसे इंसान का मालिक नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि AI को एक “सेवक” की तरह इस्तेमाल करना ही सुरक्षित और समझदारी भरा कदम है। साकची स्थित एक डिजिटल शिक्षण संस्थान के उद्घाटन के दौरान सरयू राय ने कहा कि अगर AI को निर्णय लेने वाला बना दिया गया, तो इससे कई तरह की समस्याएं पैदा हो सकती हैं। इसलिए इसका उपयोग नियंत्रित और संतुलित तरीके से होना चाहिए।
यह भी पढ़ें :साहिबगंज में सीएनजी संकट, ऑटो चालकों की आजीविका पर संकट
युवाओं के लिए AI शिक्षा जरूरी
उन्होंने कहा कि तेजी से बदलते तकनीकी दौर में बच्चों और युवाओं को AI की सही जानकारी देना बेहद जरूरी है। जब विद्यार्थी इस तकनीक को समझेंगे, तभी वे अपनी प्रतिभा को बेहतर तरीके से विकसित कर पाएंगे। इस नए डिजिटल संस्थान में AI से जुड़ी पढ़ाई पर विशेष फोकस किया जाएगा। इसके लिए रांची के Institute of Science and Management के साथ समझौता किया गया है, जिसके तहत साकची में इस संस्थान को अध्ययन केंद्र के रूप में शुरू किया गया है।
AI से डर नहीं, समझ जरूरी
सरयू राय ने कहा कि AI को लेकर समाज में अनावश्यक डर फैल रहा है। लोगों को इसे एक टूल के रूप में समझना चाहिए और इसके उपयोग में दक्ष बनना चाहिए, ताकि शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में इसका बेहतर उपयोग हो सके। उन्होंने कहा कि ऐसे तकनीकी संस्थान युवाओं के लिए नए अवसर खोलेंगे। सही दिशा में AI का उपयोग न केवल व्यक्तिगत विकास, बल्कि समाज और देश की प्रगति में भी अहम भूमिका निभा सकता है।
Reporter | Samachar Post