Samachar Post रिपोर्टर, रांची : झारखंड में आने वाले सरहुल पर्व को लेकर पुलिस मुख्यालय की स्पेशल ब्रांच ने सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया है। रिपोर्ट सभी जिलों के डीसी और एसपी को भेजी गई है, जिसमें पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
21 मार्च को मनाया जाएगा सरहुल
रिपोर्ट के अनुसार इस वर्ष सरहुल का मुख्य पर्व 21 मार्च को मनाया जाएगा, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह अलग-अलग तिथियों में मनाया जाता है। इस दौरान बड़ी संख्या में जुलूस और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं, इसलिए प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।
यह भी पढ़ें: हजारीबाग पुलिस की चेतावनी: ईद, सरहुल और रामनवमी पर सोशल मीडिया पोस्ट पर होगी सख्त कार्रवाई
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त तैनाती
पुलिस मुख्यालय ने निर्देश दिया है कि संवेदनशील और विवादित स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की जाए। साथ ही जुलूस के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों और पुलिस वाहनों की व्यवस्था रखने को कहा गया है।
सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर
जिलों के एसपी को यह भी निर्देश दिया गया है कि धार्मिक स्थलों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखने और किसी भी अफवाह या भड़काऊ पोस्ट पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
जरूरत पड़ने पर होगी निरोधात्मक कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी तरह से माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे और लोग शांतिपूर्ण तरीके से सरहुल मना सकें।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।