Samachar Post रिपोर्टर, चाईबासा: झारखंड के घने सारंडा जंगलों में शनिवार सुबह एक बार फिर गोलियों की आवाज गूंज उठी। जराइकेला थाना क्षेत्र के कोलबोंगा इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। सुबह करीब 9 बजे शुरू हुई इस मुठभेड़ से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दोनों तरफ से हुई भारी फायरिंग
स्थानीय सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुरक्षाबलों के बढ़ते दबाव के बीच नक्सलियों ने मोर्चा संभालने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने भी उन्हें कड़ा जवाब दिया। बताया जा रहा है कि दोनों ओर से सैकड़ों राउंड फायरिंग हुई। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों की गतिविधि काफी बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें: कोडरमा में दर्दनाक सड़क हादसा, नई बाइक से एक्सीडेंट में चाचा की मौत
हेलीकॉप्टर से फायरिंग की चर्चा
मुठभेड़ को लेकर एक और बड़ी चर्चा सामने आई है। अपुष्ट खबरों के मुताबिक इस ऑपरेशन में पहली बार सुरक्षाबलों ने हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल कर हवाई फायरिंग भी की है। हालांकि इस संबंध में पुलिस प्रशासन या सीआरपीएफ की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने कोलबोंगा और आसपास के जंगलों को चारों ओर से घेर लिया है, ताकि नक्सलियों को भागने का मौका न मिल सके।
31 मार्च तक नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य
दरअसल केंद्र सरकार ने नक्सलवाद के पूर्ण सफाए के लिए 31 मार्च 2026 तक का लक्ष्य तय किया है। इसी के तहत सारंडा के दुर्गम इलाकों में बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है। इस ऑपरेशन में सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस के करीब 4000 जवान तैनात किए गए हैं।
नक्सलियों के कोर जोन तक पहुंचा अभियान
सुरक्षाबलों का अभियान अब नक्सलियों के कोर जोन तक पहुंच चुका है। यही वजह है कि सारंडा के जंगलों में लगातार सर्च ऑपरेशन और गतिविधियां तेज हो गई हैं। हालांकि अभी तक इस मुठभेड़ में किसी के हताहत होने या गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल सुरक्षाबल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।