Samachar Post रिपोर्टर,बोकारो :SAIL के नए चेयरमैन के नाम पर आज यानी शनिवार को फैसला होने वाला है। इस अहम पद के लिए कुल 10 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के ईडी प्रोजेक्ट भी शामिल हैं। पूरा दिन इस पद के निर्णय को लेकर सस्पेंस बना रहेगा। जानकारी के अनुसार, उम्मीदवारों का ऑनलाइन इंटरव्यू सुबह 9 बजे से 11 बजे तक होगा। इसके बाद चयन प्रक्रिया पूरी कर शाम 5 बजे तक नए चेयरमैन के नाम की घोषणा की जा सकती है। फाइनल चयन के बाद नाम को कैबिनेट कमेटी की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें :झारखंड में सरकारी नौकरियों का संकट: 73,236 पद खाली, कामकाज प्रभावित
नियुक्ति प्रक्रिया में लग सकते हैं 2 महीने
हालांकि नाम तय होने के बाद पूरी नियुक्ति प्रक्रिया में डेढ़ से दो महीने का समय लग सकता है। इस दौरान इस्पात मंत्रालय ने अंतरिम व्यवस्था के तहत कार्यवाहक चेयरमैन नियुक्त करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसका आदेश 31 मार्च 2026 तक जारी होने की संभावना है। SAIL के मौजूदा चेयरमैन अमरेन्दु प्रकाश ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वे 1 अप्रैल 2026 से कंपनी से पूरी तरह अलग हो जाएंगे। ऐसे में नए चेयरमैन की नियुक्ति कंपनी के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।
आधुनिकीकरण परियोजनाओं पर रहेगा फोकस
इस बार चयन में इस्पात मंत्रालय खास सतर्कता बरत रहा है। कंपनी में चल रही बड़ी आधुनिकीकरण परियोजनाएं लगभग 1 लाख करोड़ रुपये के निवेश से जुड़ी हैं। नए चेयरमैन के सामने इन परियोजनाओं को समय पर पूरा करना और उत्पादन क्षमता, तकनीकी सुधार व लागत नियंत्रण सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती होगी। चयन प्रक्रिया में ऐसे उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जा रही है, जिनके पास तकनीकी और प्रशासनिक अनुभव के साथ मजबूत नेतृत्व क्षमता और वित्तीय प्रबंधन की समझ हो। यह पद केवल एक नियुक्ति नहीं, बल्कि SAIL के भविष्य की दिशा तय करने वाला अहम निर्णय है।
दावेदारों में प्रमुख नाम के बीच मुकाबला
चेयरमैन पद की दौड़ में प्रमुख नाम हैं निदेशक वित्त एके पंडा, निदेशक माइनिंग मनीष राज गुप्ता, राउरकेला स्टील प्लांट प्रभारी आलोक वर्मा, बीएसएल ईडी प्रोजेक्ट अनीष सेन गुप्ता, माइंस ग्रुप एमपी सिंह और वीके गिरी, राइट्स लिमिटेड के कृष्ण गोपाल अग्रवाल, रेलवे के अनूप कुमार सतपति और डॉ. हरिप्रसाद, चेतन प्रकाश जैन है। SAIL के नए चेयरमैन का चयन कंपनी के आने वाले वर्षों की रणनीति और उत्पादन योजनाओं को सीधे प्रभावित करेगा। सभी की नजर शाम तक आने वाले नतीजों पर टिकी है।
Reporter | Samachar Post