Samachar Post रिपोर्टर, साहिबगंज : साहिबगंज में सीएनजी की लगातार कमी ने ऑटो चालकों की रोज़मर्रा की कमाई पर गंभीर असर डाला है। पिछले लगभग एक महीने से गैस की अनियमित आपूर्ति के कारण कई ऑटो सड़कों पर खड़े हैं और परिवारों की आजीविका ठप हो गई है।
महंगे पेट्रोल पर मजबूरी
चालकों का कहना है कि सीएनजी उनके लिए मुख्य और सस्ता ईंधन है, लेकिन अब मजबूरी में उन्हें महंगे पेट्रोल का सहारा लेना पड़ रहा है। पेट्रोल के इस्तेमाल से भी समस्या कम नहीं हुई, क्योंकि अधिकांश ऑटो की टंकी छोटी होने के कारण वे केवल 15-20 किलोमीटर ही चल पाते हैं। इस वजह से दिनभर की सवारी करना संभव नहीं हो पा रहा और कमाई काफी सीमित रह गई है। कई ऑटो चालकों ने वाहन ग्रुप लोन या फाइनेंस से लिया है। महीने के अंत में किस्त जमा करने का दबाव बढ़ जाता है। समय पर भुगतान न होने पर फोन कॉल, जुर्माना और वसूली एजेंट घर तक आते हैं, जिससे मानसिक तनाव भी बढ़ जाता है।
यह भी पढ़ें: गिरिडीह: दो साइबर अपराधी गिरफ्तार, फर्जी एपीके फाइल से करते थे ठगी
परिवारों पर असर
सीएनजी संकट के कारण कई परिवार बुनियादी जरूरतें पूरी करने में भी कठिनाई का सामना कर रहे हैं। चालकों का कहना है कि पहले जहां पूरे दिन की मेहनत से खर्च निकल जाता था, अब अधिकांश आय ईंधन और किस्तों में ही खर्च हो जाती है।
प्रशासन से अपील
ऑटो चालकों ने प्रशासन से सीएनजी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि उनकी आजीविका फिर से पटरी पर लौट सके और परिवारों पर मंडरा रहे संकट को रोका जा सके।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।