Samachar Post डेस्क, रांची :एलपीजी सप्लाई को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच RJD नेता ने ट्वीट कर केंद्र सरकार पर साधा निशाना, सरकार ने कहा गैस की कोई कमी नहीं है। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच देश में एलपीजी गैस सिलेंडर की संभावित किल्लत को लेकर खबरें तेजी से फैल रही हैं। कई जगहों पर लोग गैस एजेंसियों के बाहर सिलेंडर लेने के लिए लंबी कतारों में खड़े दिखाई दे रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर अब सियासत भी तेज हो गई है।
यह भी पढ़ें :गढ़वा में पेट्रोल-डीजल और गैस की किल्लत की अफवाह, डीसी की चेतावनी- जमाखोरी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
रोहिणी आचार्य का प्रधानमंत्री पर तंज
रोहिणी आचार्य ने इस मुद्दे पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (ट्विटर) पर पोस्ट कर नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने तंज करते हुए लिखा कि “सिलेंडर की किल्लत का जश्न कब होगा, प्रधानमंत्री जी?” रोहिणी आचार्य ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि पहले नोटबंदी के दौरान लोगों को लाइन में खड़ा होना पड़ा, फिर कोरोना काल में ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए और अब गैस सिलेंडर के लिए लाइन लगानी पड़ रही है।
केंद्र सरकार ने दी सफाई
हालांकि केंद्र सरकार ने साफ किया है कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की पर्याप्त आपूर्ति जारी रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल सत्यापित जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। सरकार के मुताबिक देश में फिलहाल 7 से 8 सप्ताह के लिए पर्याप्त एलपीजी गैस का भंडार उपलब्ध है। सरकार ने माना कि अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण सप्लाई चेन पर कुछ असर पड़ा है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है और जल्द ही सामान्य होने की उम्मीद है।
Reporter | Samachar Post