Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में राकेश रंजन ने शुक्रवार देर रात शहर में गश्त कर रही पीसीआर वाहनों और हाईवे पेट्रोलिंग टीमों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर PCR-02 में तैनात एक पदाधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
आधी रात को SSP ने किया औचक निरीक्षण
जानकारी के अनुसार, एसएसपी राकेश रंजन रात करीब 02:00 बजे अचानक शहर के अलग-अलग इलाकों में गश्त कर रही PCR (Police Control Room) वाहनों की जांच के लिए निकल पड़े। उन्होंने कई स्थानों पर रुककर पीसीआर टीमों की गतिविधियों, गश्ती व्यवस्था और तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता का जायजा लिया। इस दौरान यह भी देखा गया कि रात में सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी तरीके से चल रही है और तैनात पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से पालन कर रहे हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें: जेल में बंद मोकामा के विधायक अनंत सिंह डाल सकेंगे वोट, कोर्ट के फैसले से राज्यसभा चुनाव में NDA को राहत
PCR-02 में मिली लापरवाही
निरीक्षण के दौरान PCR-02 में तैनात एक पदाधिकारी ड्यूटी के प्रति लापरवाह पाए गए। इसे गंभीर मामला मानते हुए एसएसपी ने मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए। कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित पदाधिकारी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।
सभी टीमों को दिए सख्त निर्देश
कार्रवाई के बाद एसएसपी ने जिले में तैनात सभी पीसीआर वाहनों और हाईवे पेट्रोलिंग टीमों के पदाधिकारियों व जवानों को स्पष्ट निर्देश दिया कि रात के समय गश्ती के दौरान पूरी तरह सजग और सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि शहर में अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा के लिए रात की गश्त बेहद अहम है, इसलिए किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपराध नियंत्रण के लिए बढ़ाई जा रही निगरानी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार राजधानी रांची में अपराध पर लगाम लगाने और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निगरानी बढ़ाई जा रही है। इसी कड़ी में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा समय-समय पर औचक निरीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपना काम करें।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।