Samachar Post रिपोर्टर, रांची : अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध को लेकर राजधानी रांची में शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन किया गया। मुस्लिम समुदाय के कुछ लोग मेन रोड स्थित इकरा मस्जिद के पास एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए इस जंग के खिलाफ आवाज उठाई। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने पोस्टर जलाकर भी विरोध जताया और कहा कि युद्ध के नाम पर मासूम बच्चों और आम नागरिकों को निशाना बनाना बंद होना चाहिए।
मेन रोड पर जुटे लोग, लगाए नारे
प्रदर्शन में शामिल लोग मेन रोड पर एक जगह इकट्ठा हुए और जंग के खिलाफ नारे लगाने लगे। उनके हाथों में पोस्टर और बैनर भी थे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पोस्टर जलाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि दुनिया के किसी भी हिस्से में मासूम लोगों की जान नहीं जानी चाहिए और युद्ध से सबसे ज्यादा नुकसान आम जनता को ही उठाना पड़ता है।
यह भी पढ़ें: होली पर पिस्टल लहराकर दहशत फैलाने वाला गिरफ्तार, हथियार और जिंदा गोलियां बरामद
स्कूलों पर हमले का लगाया आरोप
मौके पर मौजूद आसिफ खान ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि अमेरिका और इजरायल मिलकर ईरान पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस जंग का सबसे ज्यादा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। उनका कहना था कि कई जगहों पर स्कूलों पर बम गिराए जाने की खबरें सामने आई हैं। उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक लड़कियों के स्कूल पर बम गिरने से कई बच्चियों की मौत हो गई थी। हाल ही में भी दो स्कूलों पर बम गिराए जाने की खबर आई, हालांकि उस समय वहां बच्चे मौजूद नहीं थे, इसलिए कोई हताहत नहीं हुआ।
मासूमों को निशाना बनाना गलत
आसिफ खान ने कहा कि अगर जंग हो रही है तो वह सैनिकों के बीच लड़ी जानी चाहिए, न कि महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों को निशाना बनाकर। उन्होंने कहा कि मासूमों पर हमला करना कायरता है और इसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए।
जंग खत्म करने की उठी मांग
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि इस युद्ध में दोनों पक्षों के आम नागरिकों की जान जा रही है। चाहे ईरान हो या इजरायल, हर जगह आम लोग ही इसकी कीमत चुका रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने विश्व नेताओं से इस जंग को जल्द खत्म करने की अपील की और कहा कि युद्ध से किसी का भला नहीं होता, बल्कि सबसे ज्यादा नुकसान आम लोगों को ही उठाना पड़ता है। इस दौरान कई लोगों ने एकजुट होकर शांति और मानवता की रक्षा की अपील भी की।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।