Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र में बिजली ग्रिड में हुई बड़ी लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने करीब आधा दर्जन अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए लूटे गए तांबे के तार और नकद राशि भी बरामद कर ली है। घटना सत कनादू गांव स्थित बिजली सब स्टेशन की है, जहां सोमवार देर रात अपराधियों ने धावा बोला था। चोरों ने 33/4 केवी ट्रांसफार्मर को निशाना बनाते हुए उसमें लगे करीब 1000 किलो तांबा निकाल लिया और फरार हो गए।
10 लाख का था लूटा गया तांबा
विभागीय जानकारी के अनुसार, लूटे गए तांबे की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई थी। इतनी बड़ी मात्रा में तांबा चोरी होने से बिजली विभाग और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया था।
यह भी पढ़ें: गढ़वा में चोरी की वारदातों से हड़कंप: 90 लाख के गहने गायब, पुलिस के हाथ अब भी खाली
तकनीकी जांच और सीसीटीवी से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर पुलिस ने तुरंत जांच तेज कर दी। तकनीकी टीम, डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद ली गई। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर कई अहम सुराग मिले, जिससे पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इतनी बड़ी चोरी किसी एक व्यक्ति के बस की बात नहीं है। पुलिस को शक है कि इसके पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय था, जो तांबे की चोरी कर उसे खपाने का काम करता है।
पूछताछ जारी, और गिरफ्तारियों की संभावना
फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने में जुटी है कि लूटा गया तांबा कहां बेचा जाना था और इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।