Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांचीमें एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस बार पासपोर्ट कार्यालय को निशाना बनाते हुए धमकी दी गई है। जानकारी के मुताबिक रातू रोड स्थित गैलेक्सिया मॉल में चल रहे पासपोर्ट ऑफिस को अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी। धमकी भरा मेल मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने चलाया तलाशी अभियान
मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता (BDS) मौके पर पहुंचा। इसके बाद पासपोर्ट कार्यालय और मॉल परिसर के हर कोने की बारीकी से जांच की गई। सुरक्षा को देखते हुए मॉल और आसपास के इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई। कई घंटों तक चले तलाशी अभियान के दौरान किसी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।
यह भी पढ़ें :शादी में देरी से नाराज प्रेमी-प्रेमिका ने दी जान, पेड़ से लटके मिले दोनों के शव
ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी साइबर टीम
पुलिस अब उस ईमेल की तकनीकी जांच कर रही है, जिसके जरिए धमकी दी गई थी। साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
पिछले सप्ताह सिविल कोर्ट को भी मिली थी धमकी
गौरतलब है कि इससे पहले पिछले सप्ताह भी रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस समय भी अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल के जरिए आरडीएक्स से विस्फोट करने की चेतावनी दी थी। हालांकि उस मामले में भी तलाशी अभियान के दौरान कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी। लगातार मिल रही धमकियों के बाद रांची में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
Reporter | Samachar Post