Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची के पंडरा इलाके में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। देवी मंडप रोड स्थित सुजीत कुमार गुप्ता के घर का ताला तोड़कर चोर लाखों के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर घर से करीब 16 लाख रुपये के जेवरात और नकदी लेकर भाग निकले। वारदात उस समय हुई जब घर के सभी सदस्य शुक्रवार दोपहर गुमला गए हुए थे।
पड़ोसी ने दी सूचना
घटना की जानकारी सबसे पहले पड़ोसी ने घर मालिक को दी। सूचना मिलते ही जब सुजीत कुमार गुप्ता वापस लौटे, तो उन्होंने देखा कि घर का दरवाजा टूटा हुआ है और अलमारी में रखे सभी कीमती सामान गायब हैं।
यह भी पढ़ें: 26 साल बाद मिला इंसाफ: झारखंड हाईकोर्ट ने बर्खास्त सिपाही की बहाली का दिया आदेश
पुलिस जांच में जुटी
मामले की सूचना मिलते ही पंडरा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पंडरा ओपी प्रभारी फैज रवानी ने बताया कि जेवरात और नगदी चोरी होने की बात सामने आई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की तलाश जारी है। इस घटना के बाद पंडरा इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा कड़ी करने की मांग कर रहे हैं।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।