Samachar Post रिपोर्टर,रांची :राजधानी रांची के नयासराय में 28 फरवरी की रात बाप-बेटे के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में जाकिर अंसारी (57) और उनके बेटे पर हमला किया गया, जिसमें बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए दलादली स्थित एस्टन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
30 नामजद, 10-15 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
पीड़ित जाकिर अंसारी के आवेदन पर विधानसभा थाना में कांड संख्या 21/26 (दिनांक 1 मार्च 2026) दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में 30 नामजद और 10-15 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
यह भी पढ़ें :चतरा नगर परिषद अध्यक्ष अताउर रहमान JMM में शामिल, CM सोरेन ने किया स्वागत
हथियार, गाड़ियां और मोबाइल जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 3.15 बोर की फोल्डेबल राइफल, एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस (7 एमएम) और एक खाली मैगजीन बरामद की है। इसके अलावा दो स्कॉर्पियो, एक फॉर्च्यूनर और एक बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की गई है। 12 मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
कई थानों की संयुक्त कार्रवाई
यह कार्रवाई हटिया डीएसपी के नेतृत्व में की गई। छापेमारी टीम में रातू, नगड़ी, खेलगांव और दलादली ओपी की पुलिस शामिल रही। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा गया। घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
Reporter | Samachar Post