Samachar Post रिपोर्टर, रांची : राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कांके थानेदार प्रकाश रजक ने जमीन कारोबारियों के साथ मिलकर एक परिवार को जबरन घर खाली करने पर मजबूर कर दिया और बाद में घर का सामान बाहर फेंक दिया गया। बताया जा रहा है कि जिस जमीन को लेकर विवाद है, वह मामला पहले से ही अदालत में लंबित है। इसके बावजूद बिना सक्षम न्यायालय के आदेश के मकान खाली कराने की कार्रवाई किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस दबाव और धमकी का आरोप
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस के दबाव और कुछ लोगों की गाली-गलौज के कारण उन्हें अपना घर छोड़कर किराए के मकान में रहने के लिए मजबूर होना पड़ा। परिवार के घर छोड़ने के बाद भी मामला शांत नहीं हुआ। आरोप है कि पहले मकान में ताला लगाकर उसकी चाभी विरोधी पक्ष को सौंप दी गई, और फिर बाद में घर का सामान जबरन निकालकर बाहर फेंक दिया गया। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
यह भी पढ़ें: लोहरदगा में 433 किलो गांजा के साथ ट्रक जब्त, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
पहले भी सामने आ चुका है मामला
बताया जा रहा है कि 9 मार्च को “जमीन विवाद में ‘मास्टर’ बन गए कांके थानेदार” शीर्षक से इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। उस खबर में भी थानेदार और जमीन कारोबारियों के बीच कथित सांठगांठ का आरोप लगाया गया था। हालांकि खबर सामने आने के बाद भी इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है।
कोर्ट जाने की तैयारी
पीड़ित पक्ष का कहना है कि इस पूरे मामले में खाकी वर्दी का दुरुपयोग हुआ है और वे जल्द ही न्यायालय की शरण में जाएंगे। मामले का वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है, जिसे लेकर विवाद और बढ़ सकता है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।