Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : रामगढ़ जिले में होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता DC फैज अक अहमद मुमताज ने की। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, प्रखंड स्तरीय अधिकारी, थाना प्रभारी और शांति समिति के सदस्य शामिल हुए।
DC की अपील: भाईचारे को बनाएं रखें
बैठक की शुरुआत में DC ने सभी को होली और रमजान की शुभकामनाएं दी और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की अफवाह या सांप्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही जनता से अनुरोध किया गया कि बिना पुष्टि किसी संदेश या पोस्ट को सोशल मीडिया पर साझा न करें और किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत जानकारी जिला नियंत्रण कक्ष (06553-222005) को दें।
यह भी पढ़ें: 22 मार्च को निकलेगी अखंड तिरंगा यात्रा, शहीदों को श्रद्धांजलि का विराट आयोजन
सोशल मीडिया और कानून-व्यवस्था पर विशेष निगरानी
DC ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जाए और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जिला प्रशासन के आदेश के तहत, 61 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात होंगे। प्रत्येक प्रखंड में तीन पालियों में गश्ती दंडाधिकारी होंगे। जिला नियंत्रण कक्ष में भी तीन पालियों में अधिकारी ड्यूटी करेंगे।
वाहन जांच और सुरक्षा उपाय
बैठक में DC ने पर्व के दौरान वाहन जांच अभियान चलाने, नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। शांति समिति के सदस्यों को अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाने और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत प्रशासन को देने के लिए कहा गया।
प्रशासन का संदेश
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि रामगढ़ में होली और रमजान का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं। प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।