Samachar Post रिपोर्टर, रामगढ़ : होली के दिन पिस्टल के दम पर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम सुजित राम उर्फ सुजित डोम (41) है, जो भुरकुंडा के बुधबाजार रिवरसाइड इलाके का रहने वाला है। उसका स्थायी पता बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुम्बा थाना क्षेत्र में बताया गया है। पुलिस ने उसके घर में छापेमारी कर एक देशी पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कई बार जेल जा चुका है। इस मामले की जानकारी शुक्रवार को रामगढ़ एसपी अजय कुमार ने दी।
होली के दिन पिस्टल दिखाकर लोगों को डराया
एसपी अजय कुमार के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि 4 मार्च को होली के दिन भुरकुंडा के बुधबाजार रिवरसाइड इलाके में रहने वाला सुजित डोम आपसी विवाद के दौरान पिस्टल दिखाकर लोगों को डरा रहा था। बताया गया कि वह इलाके में घूम-घूमकर लोगों के बीच खौफ का माहौल बना रहा था। सूचना मिलते ही एसपी ने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद एएसपी सह पतरातु एसडीपीओ गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
यह भी पढ़ें: हुसैनाबाद में झोपड़ी होटल पर पुलिस का छापा, अवैध हथियार के साथ संचालक गिरफ्तार
रात में घर घेरकर की गई छापेमारी
पुलिस टीम ने गुरुवार रात आरोपी के घर को घेरकर छापेमारी की। इस दौरान सुजित डोम घर पर ही मौजूद मिला। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि हथियार कमरे में रखे चादर के बक्से में छिपाकर रखा गया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बक्से की तलाशी ली, जहां से एक देशी पिस्टल, आठ जिंदा गोलियां और एक मैगजीन बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पहले भी कई मामलों में जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार सुजित डोम दागी किस्म का अपराधी है। वह पहले भी आर्म्स एक्ट, डकैती, रंगदारी और संगठित अपराध से जुड़े कई मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने बताया कि भदानीनगर रेलवे साइडिंग में लेवी वसूली को लेकर हुए गोलीकांड में भी उसका नाम सामने आया था। इस मामले में पतरातु थाना कांड संख्या 163/2025 के तहत उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बाद में 10 दिसंबर 2025 को उसे जमानत मिल गई थी। जेल से बाहर आने के बाद वह फिर से इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।