Samachar Post रिपोर्टर,रांची :भारतीय जनता पार्टी ने 6 अप्रैल को होने वाले स्थापना दिवस कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की राज्य इकाई ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रदेश स्तरीय टोली का गठन किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह को स्थापना दिवस कार्यक्रम का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष आरती कुजूर, प्रदेश मंत्री मुनेश्वर साहू, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष अमरदीप यादव और किसान मोर्चा के अर्जुन सिंह को सह संयोजक बनाया गया है। कार्यक्रम को व्यापक रूप से सफल बनाने के लिए सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने जिलों में एक संयोजक और दो सह संयोजकों की टीम तुरंत गठित करें।
यह भी पढ़ें :हजारीबाग दुष्कर्म मामले पर सियासत तेज, आदित्य साहू के बयान पर कांग्रेस का पलटवार
5 से 7 अप्रैल तक होंगे विशेष कार्यक्रम
पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर 5, 6 और 7 अप्रैल को राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान पार्टी कार्यालयों को सजाया जाएगा, 6 अप्रैल को ध्वजारोहण होगा और कार्यकर्ताओं के बीच मिष्ठान वितरण किया जाएगा। साथ ही पार्टी की उपलब्धियों और विकास यात्रा पर चर्चा भी की जाएगी।
कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया अभियान का निर्देश
भाजपा ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराएं और सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करें, ताकि कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके। 6 और 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता एकत्र होकर कार्यक्रम मनाएंगे। इसके बाद 8 और 9 अप्रैल को जिला स्तर पर सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें संगठन विस्तार, चुनावी रणनीति और केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा होगी।
‘गांव/बस्ती चलो अभियान’ भी होगा आयोजित
7 से 12 अप्रैल के बीच ‘गांव/बस्ती चलो अभियान’ चलाया जाएगा। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता गांवों में जाकर स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान और सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगे। पार्टी नेताओं का कहना है कि स्थापना दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि “राष्ट्र प्रथम” और सेवा भाव के संकल्प को दोहराने का अवसर है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की उपलब्धियों को भी इस दौरान प्रमुखता से रखा जाएगा।
Reporter | Samachar Post