Samachar Post रिपोर्टर, पलामू: झारखंड के पलामू जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में घायल युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में खुशियों की जगह मातम पसर गया है, क्योंकि युवक की शादी मई में तय थी।
अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
यह हादसा जपला-हैदरनगर मुख्य सड़क पर चौकड़ी मोड़ के पास बुधवार शाम हुआ। मृतक की पहचान मंझिआंव निवासी 22 वर्षीय सलेश कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के घाघरा गांव से बाइक से लौट रहा था, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें: रिवर व्यू रिजॉर्ट पर जांच का दायरा बढ़ा: उगाही के साथ अवैध गतिविधियों के संकेत, संचालक ने आरोपों को नकारा
अस्पताल में हुई मौत
हादसे के बाद युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। सूचना मिलने पर हैदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, सलेश कुमार की शादी मई 2026 में तय थी और घर में तैयारियां चल रही थीं। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शहनाई बजने वाली थी, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है।
जांच में जुटी पुलिस
रात होने के कारण बुधवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच कर रही है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।