Samachar Post रिपोर्टर,पलामू :रामनवमी के मौके पर मेदिनीनगर में तेज डीजे साउंड ने अफरा-तफरी मचा दी। साउंड कॉम्पिटिशन के दौरान इतनी तेज आवाज हुई कि पास के होटल में एक महिला की तबीयत बिगड़ गई और होटल के कांच के शीशे टूट गए। पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों डीजे जब्त कर लिए हैं। शनिवार देर रात बेलवाटिकर इलाके में दो डीजे के बीच साउंड कॉम्पिटिशन चल रहा था। एक डीजे भोपाल (मध्य प्रदेश) का था, जबकि दूसरा उत्तर प्रदेश के मऊ से आया था। दोनों के बीच तेज आवाज में प्रतिस्पर्धा ने पूरे इलाके में शोर का स्तर काफी बढ़ा दिया। इस दौरान पास के होटल कारोबारी की मां, जिनके हार्ट में पेसमेकर लगा हुआ था, की तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। तेज आवाज का असर इतना था कि होटल के कांच के शीशे टूट गए, जिससे होटल को आर्थिक नुकसान हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें :रामनवमी जुलूस में बवाल: झारखंड के कई जिलों में हिंसा और हादसे
पुलिस की कार्रवाई
होटल कारोबारी ने मेदिनीनगर टाउन थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों डीजे के खिलाफ FIR दर्ज की और उन्हें जब्त कर लिया। पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने कार्रवाई की पुष्टि की और थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
रामनवमी जुलूस और नियमों का पालन
मेदिनीनगर में रामनवमी के दौरान 50 से ज्यादा अखाड़ों के जुलूस निकाले जाते हैं। इसी दौरान यह साउंड कॉम्पिटिशन हुआ, जो हादसे का कारण बना। इस घटना के बाद लोगों ने धार्मिक आयोजनों में भी साउंड सिस्टम और डीजे की आवाज पर नियंत्रण की जरूरत बताई है।
Reporter | Samachar Post