Samachar Post रिपोर्टर,पाकुड़ : पाकुड़ जिले के वीर कुँवर सिंह हॉल में EFICOR द्वारा संचालित “संजीवनी परियोजना” का उद्घाटन किया गया। इस परियोजना का उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाना और समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता को मजबूत करना है।
दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
संजीवनी परियोजना के तहत बोरियो, अमड़ापाड़ा और सुंदरपहाड़ी के दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इस पहल के माध्यम से वहां रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, आवश्यक जानकारी और समय पर उपचार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: भिवाड़ी हादसे में झारखंड के 6 मजदूरों की मौत, गुरुग्राम बैठक में 40-40 लाख मुआवजा और रोजगार पर सहमति
परियोजना की कार्ययोजना पर दी गई जानकारी
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को परियोजना के उद्देश्य, कार्य योजना और स्वास्थ्य से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही समुदाय के स्वास्थ्य सुधार, समय पर इलाज, टीबी नियंत्रण कार्यक्रम (NTEP) और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई अधिकारी
इस मौके पर मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी रमेश बाबू, योजना प्रबंधक सैमसन क्रिश्चियन, जिला NTEP कोऑर्डिनेटर गौरव साहू, जिला PPM कोऑर्डिनेटर सुषांत दुबे, जिला कंसल्टेंट चंद्रशेखर सिंह (NHM), कार्यक्रम प्रबंधक प्रशांत मिशेल बरिया, मेडिकल ऑफिसर डॉ. जयजय कुमार (PM JANMAN, बोरियो) समेत PVTG टीम के सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा EFICOR टीम और चयनित ब्लॉकों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने संजीवनी परियोजना के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।