Samachar Post रिपोर्टर,रांची :रांची के अरगोड़ा निवासी मर्चेंट नेवी कैप्टन राकेश रंजन सिंह का शव गुरुवार सुबह दुबई से दिल्ली लाया गया। उनका निधन 18 मार्च को दुबई में हार्ट अटैक से हुआ था। बताया जा रहा है कि कैप्टन राकेश जिस शिप पर तैनात थे, वह ईरान के साथ तनाव के कारण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फंस गया था। युद्ध जैसी स्थिति के चलते समुद्री मार्ग बंद कर दिया गया, जिसके कारण जहाज करीब 18 दिनों तक समुद्र में लंगर डाले रहा।
यह भी पढ़ें :रांची रेल मंडल में बड़ा फेरबदल, DCM शुचि सिंह का ट्रांसफर
हार्ट अटैक से हुई मौत
18 मार्च को अचानक उन्हें हार्ट अटैक आया और वे जहाज पर ही गिर पड़े। क्रू मेंबर्स ने उन्हें सीपीआर दिया और दुबई एटीसी से एयर एंबुलेंस की मांग की, लेकिन स्थिति सामान्य न होने के कारण एयर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। बाद में उन्हें बोट के जरिए दुबई पोर्ट लाया गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। रात करीब 10:30 बजे उनकी मौत हो गई।
दिल्ली से पटना जाएगा शव
आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद उनका शव दुबई से दिल्ली लाया गया। अब शुक्रवार सुबह शव को पटना भेजा जाएगा। पटना पहुंचने के बाद शव को सड़क मार्ग से नालंदा जिले के पैतृक गांव गोरोचक ले जाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। कैप्टन राकेश सिंह के परिवार में उनकी पत्नी और दो पुत्र हैं। परिजन पहले ही गांव पहुंच चुके हैं और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
Reporter | Samachar Post