Samachar Post डेस्क, रांची : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव आज यानी 14 मार्च को अपनी बचपन की दोस्त वंशिका सिंह के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। उत्तराखंड के खूबसूरत हिल स्टेशन मसूरी में स्थित प्रसिद्ध ITC Savoy Mussoorie होटल में पिछले तीन दिनों से शादी की रस्में धूमधाम से चल रही हैं। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मेहमानों के लिए लंच का आयोजन किया गया। इसके बाद बारात की तैयारियां शुरू हो गईं और पूरे होटल परिसर में जश्न का माहौल है।
स्पेशल फूलों से सजा मंडप, विंटेज कार में निकलेगी बारात
शादी के लिए मंडप को खास तौर पर कोलकाता से मंगाए गए फूलों से सजाया गया है। बारात के लिए एक स्पेशल विंटेज कार की व्यवस्था की गई है, जिसमें कुलदीप यादव दूल्हे के रूप में बारात लेकर निकलेंगे। वहीं बैंड-बाजे के लिए दिल्ली से छह सदस्यों की ढोल टीम भी मसूरी पहुंच चुकी है, जो बारात के माहौल को और खास बनाएगी।
यह भी पढ़ें: जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की हिरासत खत्म, सरकार ने रिहाई का आदेश दिया
संगीत समारोह में क्रिकेटरों ने किया जमकर डांस
शुक्रवार रात हुए संगीत और कॉकटेल समारोह में कई क्रिकेटर शामिल हुए। इस दौरान सुरेश रैना, रिंकू सिंह और युजवेंद्र चहल ने दूल्हे कुलदीप यादव के साथ जमकर डांस किया। समारोह में दिल्ली से आए सूफी सिंगर बिस्मिल ने लाइव परफॉर्मेंस दी, जिससे माहौल और भी रंगीन हो गया। देर रात तक होटल परिसर में संगीत और जश्न चलता रहा।
शादी में शामिल हो सकते हैं कई बड़े क्रिकेटर
शादी में शामिल होने के लिए शनिवार सुबह मोहम्मद कैफ़ भी मसूरी पहुंच गए। इसके अलावा भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा, टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव और टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर के भी समारोह में शामिल होने की संभावना है। वहीं धीरेंद्र शास्त्री भी देहरादून पहुंच चुके हैं और उनके भी शादी समारोह में शामिल होने की चर्चा है।
मेहमानों के लिए खास इंतजाम
मेहमानों के लिए खास खाने-पीने का इंतजाम किया गया है। सुबह के नाश्ते में कानपुर की मशहूर खस्ता कचौड़ी और दाल के बड़े परोसे गए। कार्यक्रम के अनुसार शाम 4 बजे साफा बंधाई की रस्म हुई, 5 बजे बारात निकलेगी, 6 बजे वरमाला होगी और रात करीब 8 बजे फेरे लिए जाएंगे।
मौसम बिगड़ने की भी आशंका
इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग के देहरादून केंद्र ने संभावना जताई है कि शाम के समय मसूरी में मौसम बदल सकता है और देर रात बारिश हो सकती है। शादी के दौरान एक मजेदार घटना भी सामने आई, जब क्रिकेटर युजवेंद्र चहल के कमरे की बालकनी में एक बंदर घुस आया। हालांकि चहल ने उसे फल खिलाकर वापस भगा दिया, जिससे वहां मौजूद लोग भी मुस्कुरा उठे।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।