Samachar Post रिपोर्टर, खूंटी : खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईटेंशन बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी कर सात आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 250 किलो हाईटेंशन बिजली तार, तार काटने की मशीन, एक पिकअप वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश का रमजानी (33), बिहार का चांद मोहम्मद (25), खूंटी का इब्राहिम खान उर्फ इरफान (40), गुमला का शेख अप्पू (24), दिलकस खान उर्फ टेटे (20), मनीष लोहरा उर्फ शिशु (25) और बजरंग लोहरा उर्फ माटु (19) शामिल हैं।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस को 10 जून की रात सूचना मिली थी कि तोरपा-खूंटी रोड स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के पीछे बिजली के खंभे से हाईटेंशन तार काटकर पिकअप वाहन पर लोड किया जा रहा है। सूचना मिलते ही खूंटी पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तोरपा एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
यह भी पढ़ें: ‘कॉल उठा लो, नहीं तो घर तक पहुंचेंगे’… ट्रांसपोर्टरों को कुख्यात राहुल दुबे गैंग की धमकी
मौके पर चोरी करते पकड़े गए आरोपी
छापेमारी दल जब मौके पर पहुंचा तो देखा कि कुछ लोग बिजली के खंभे से हाईटेंशन तार काटकर उसे पिकअप वाहन में लोड कर रहे थे। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर सभी आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
ये सामान हुए बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 बंडल हाईटेंशन बिजली तार (करीब 250 किलोग्राम) बरामद किया है। इसके अलावा एक तार काटने की मशीन, पिकअप वाहन (JH01AR-7335) और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
छापेमारी टीम में शामिल रहे अधिकारी
इस कार्रवाई में तोरपा एसडीपीओ खिस्तोफर केरकेट्टा, इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह, तोरपा थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव, एसआई अमरेन्द्र मंडल, रोशन खाखा, एएसआई बैजु लकड़ा, सोनाराम स्वांसी, आलोक रंजन सहित थाना के अन्य पुलिसकर्मी और रिजर्व गार्ड शामिल थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने पहले किन-किन इलाकों में इस तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।