- मिट्टी धंसने से निर्माणाधीन साइट पर हुआ हादसा; सांसदों और हरियाणा प्रशासन की बैठक में पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजा और आश्रितों को नौकरी देने का फैसला
Samachar Post डेस्क, रांची :भिवाड़ी में एक निर्माणाधीन साइट पर मिट्टी धंसने से झारखंड के छह मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही संजय सेठ और विद्युत वरण महतो संसद सत्र खत्म होने के बाद देर रात गुरुग्राम पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की।
यह भी पढ़ें :धनबाद में फूड सेफ्टी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1400 किलो नकली पनीर और नेपाली घी जब्त
गुरुग्राम में हुई उच्च स्तरीय बैठक
नायब सिंह सैनी के निर्देश पर गुरुग्राम के पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सांसदों के अलावा जिलाधिकारी अजय कुमार, पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा, एसडीएम दर्शन यादव, सहायक श्रमायुक्त अनिल शर्मा और निर्माण कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में हादसे पर गहरी संवेदना व्यक्त की गई और मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने पर सहमति बनी।
हर परिवार को 40 लाख रुपये मुआवजा
बैठक में तय किया गया कि हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मजदूर के परिवार को 40-40 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। जिसमें 20 लाख रुपये निर्माण कंपनी की ओर से, 20 लाख रुपये अन्य सरकारी प्रक्रियाओं और प्रावधानों के तहत और इसके साथ ही मृतकों के परिवारों के एक-एक आश्रित को कंपनी में रोजगार देने पर भी चर्चा हुई।
कंपनी उठाएगी शव गांव पहुंचाने की जिम्मेदारी
निर्माण कंपनी ने यह भी सुनिश्चित किया है कि सभी मजदूरों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव तक पहुंचाने की पूरी जिम्मेदारी कंपनी की होगी। सांसद संजय सेठ ने गुरुग्राम के आयुक्त के माध्यम से पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के उपायुक्तों से समन्वय कर शवों को झारखंड लाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई है।
आज झारखंड पहुंचेंगे शव
परिजनों के साथ सभी पार्थिव शरीर गुरुवार सुबह ईचागढ़ और जमशेदपुर के लिए रवाना होंगे। संजय सेठ ने कहा कि इस दुखद हादसे में जिन परिवारों ने अपने परिजन खोए हैं, उनकी भरपाई तो नहीं हो सकती, लेकिन सरकार और प्रशासन हर संभव सहायता देने के लिए उनके साथ खड़ा है। इस हादसे में जिन मजदूरों की मौत हुई, उनमें शामिल हैं धनंजय महतो (55) जादूगोड़ा, पोटका, भागीरथ गोप (52) जादूगोड़ा, पोटका, संजीत गोप उर्फ दुलाल (32)जादूगोड़ा, पोटका, मंगल महतो (30)जादूगोड़ा, पोटका, शिवशंकर सिंह मुंडा (30) ईचागढ़, परमेश्वर महतो (50) ईचागढ़।
Reporter | Samachar Post