Samachar Post रिपोर्टर, रांची: राजधानी रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में हाल के दिनों में हुई बारिश के बाद मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने 15 मार्च से राज्य के अधिकांश इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई है। इसको लेकर रांची सहित करीब 20 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
15 से 17 मार्च के बीच बारिश की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 15 मार्च को उत्तर-पश्चिमी झारखंड को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान गर्जन के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की भी आशंका है। वहीं 16 और 17 मार्च को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़ें: साहिबगंज में दर्दनाक हादसा, गंगा नदी से मिले दो मासूम भाइयों के शव
तापमान में उतार-चढ़ाव के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी महसूस हो सकती है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है।
13–14 मार्च तक मौसम रहेगा साफ
मौसम विभाग ने बताया कि 13 और 14 मार्च तक आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके बाद 15 से 17 मार्च के बीच फिर से बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। हालांकि पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों को छोड़कर बाकी इलाकों में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है और वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा।
पिछले 24 घंटे का मौसम
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में गरज और वज्रपात के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 18.6 मिमी बारिश धनबाद के पुटकी में रिकॉर्ड की गई। राज्य का अधिकतम तापमान 36.2°C डाल्टेनगंज में दर्ज हुआ। सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.8°C गुमला में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से गरज-तूफान और वज्रपात के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।