Samachar Post रिपोर्टर, रांची: रांची समेत पूरे झारखंड में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतिम कार्य दिवस पर कोषागारों में कामकाज तेज हो गया है। वित्त विभाग के निर्देशानुसार सभी कोषागार आज रात 10 बजे तक खुले रहेंगे, ताकि स्वीकृत सभी बिलों का भुगतान समय पर किया जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दिन में पास हुए सभी बिलों को रात 10 बजे तक बैंकों को भुगतान के लिए भेजना अनिवार्य है। इसी वजह से कोषागारों में देर रात तक कर्मचारियों की व्यस्तता बनी रहेगी।
महावीर जयंती से पहले निपटेंगे काम
महावीर जयंती के चलते 31 मार्च को सरकारी अवकाश रहेगा। ऐसे में वित्तीय वर्ष से जुड़े सभी जरूरी लेनदेन 30 मार्च को ही पूरे किए जा रहे हैं, जिससे काम का दबाव काफी बढ़ गया है। नेपाल हाउस स्थित डोरंडा कोषागार नेपाल हाउस में सुबह से ही गतिविधियां तेज हैं। बड़ी संख्या में ऑनलाइन बिल प्राप्त हो रहे हैं। प्रभारी लेखा अधीक्षक नाजिर अनवर ने बताया कि सभी जरूरी भुगतान को प्राथमिकता दी जा रही है और निर्देशों के अनुसार रात 10 बजे तक प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। जरूरत पड़ने पर कोषागार रात 12 बजे तक भी खुल सकते हैं।
यह भी पढ़ें: धनबाद के विकास का रोडमैप तैयार, DMC की पहली बोर्ड बैठक में 952.8 करोड़ का बजट प्रस्ताव
जरूरी विभागों को प्राथमिकता
अंतिम दिन स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े बिलों की संख्या अधिक है। इन विभागों के भुगतान को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि आम लोगों से जुड़ी सेवाएं प्रभावित न हों। सरकार ने वित्तीय अनुशासन बनाए रखने के लिए मार्च महीने में खर्च पर सीमा तय की है। 6 मार्च को जारी आदेश के अनुसार, विभागों को आवंटित राशि का 15 प्रतिशत से अधिक निकासी की अनुमति नहीं है, हालांकि स्थापना व्यय को इससे बाहर रखा गया है।
अनियोजित खर्च पर लगेगी रोक
सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से वित्तीय वर्ष के अंत में जल्दबाजी में होने वाले अनियोजित खर्च पर लगाम लगेगी और बजट का सही उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।
Reporter | Samachar Post
मैंने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री ली है। पत्रकारिता के क्षेत्र में बतौर रिपोर्टर मेरा अनुभव फिलहाल एक साल से कम है। सामाचार पोस्ट मीडिया के साथ जुड़कर स्टाफ रिपोर्टर के रूप में काम कर रही हूं।